आजसू के पूर्व विधायक लंबोदर महतो और दामाद राजेश कुमार की संपत्ति की होगी जांच ? हाईकोर्ट में दायर हुई जनहित याचिका

Spread the love

रांची ( झारखंड ) : झारखंड हाईकोर्ट में आजसू पार्टी के पूर्व विधायक लंबोदर महतो और उनके दामाद राजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला पहुंचा है। इस संबंध में गढ़वा के उपेंद्र कुमार ने जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि राजेश कुमार, जो वर्तमान में डिप्टी डायरेक्टर साझा के पद पर पदस्थापित हैं, ने रांची के ऐदलहातू में 3 करोड़ रुपये से अधिक लागत का मकान बनाया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि अंचलाधिकारी पद पर रहते हुए उन्होंने अपने ससुर लंबोदर महतो और परिवार के साथ मिलकर 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की।

याचिका में लंबोदर महतो की संपत्ति का ब्योरा भी शामिल किया गया है—

रांची लोवाडीह में तीन मंजिला मकान और दो प्लॉट

बोकारो कसमार में चार एकड़ जमीन

गोमिया में कई प्लॉट

परिवार द्वारा संचालित गोपिका फाउंडेशन ट्रस्ट की संपत्तियां

इसके अलावा आरोप है कि विधायक रहते हुए लंबोदर महतो ने 79 लाख रुपये की किताबें विधायक मद से खरीदीं, जिनकी कीमत बाजार मूल्य से कई गुना अधिक थी। साथ ही, चुनावी हलफनामे में कई संपत्तियां छिपाने और दर्ज संपत्तियों का मूल्य वास्तविकता से कम दिखाने का भी जिक्र है।

इस मामले में झारखंड सरकार, पुलिस महानिदेशक, एसीबी और आयकर विभाग को प्रतिवादी बनाया गया है। हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद तय होगा कि लंबोदर महतो और उनके दामाद की संपत्ति की आधिकारिक जांच होगी या नहीं।