रामगढ़ में अवैध कारोबार पर लगे रोक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान और पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल ने उठाई आवाज

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले में लगातार बढ़ते अवैध कारोबार, कोयला और बालू तस्करी तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान और पूर्व मंत्री सह पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने  जिला प्रशासन और राज्य सरकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो चरणबद्ध जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

इससे पहले जिले की समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री सह पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने भी कई बार जिला प्रशासन और राज्य सरकार को पत्राचार और टेलीफोन के माध्यम से अवगत कराया था। लेकिन अभी तक किसी ठोस कार्रवाई का अभाव गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।

मुख्य मांगें

पत्र में मुन्ना पासवान और जयप्रकाश भाई पटेल ने जिला प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं:

फैक्ट्रियों में अवैध रूप से हो रहे कोयले के भंडारण की जांच।

वनभूमि और सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की जांच।

जिले में हो रही अवैध बालू तस्करी पर रोक और दोषियों पर कार्रवाई।

कोयला तस्करी पर पूर्ण पाबंदी।

प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कदम।

गिरती कानून व्यवस्था को संभालने के लिए ठोस पहल, ताकि चोरी और डकैती जैसी घटनाओं से जनता को राहत मिल सके।

जिम्मेदारी तय की

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि जिला प्रशासन और राज्य सरकार ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन के कारण उत्पन्न होने वाली विधि-व्यवस्था की समस्या की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

इस पत्र की प्रतिलिपि आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग, पुलिस उप महानिरीक्षक हजारीबाग, पुलिस अधीक्षक रामगढ़, वन प्रमंडल पदाधिकारी रामगढ़, जिला खनन पदाधिकारी रामगढ़ और जिला परिवहन पदाधिकारी रामगढ़ को भी भेजी गई है।