पतरातू (रामगढ़), झारखंड :रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। चलती ट्रेन में मोबाइल छीनने के क्रम में विरोध करने पर उचक्कों ने एक युवक को ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान लखी मुंडा, निवासी खलारी के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, लखी मुंडा ट्रेन से खलारी जा रहा था। इसी दौरान पतरातू के निकट किरीगढ़ा इलाके में कुछ उचक्कों ने उससे मोबाइल छीनने की कोशिश की। युवक ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसे चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह नजदीकी गांव तक पहुंचा, जहां से ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया।