रांची पुलिस मुख्यालय के डेटा सेंटर में भीषण आग लगी, कई रिकॉर्ड जलकर खाक

Spread the love

रांची, झारखंड : झारखंड पुलिस मुख्यालय के डेटा सेंटर में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा सेंटर धुएं और लपटों से घिर गया। घटना में दस एयर कंडीशनर और दो दर्जन से अधिक कंप्यूटर जलकर खाक हो गए।

जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। यह हादसा विशेष शाखा के पीछे वाले भवन के दूसरे तल्ले पर हुआ, जहां क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस ) का काम होता था। इस केंद्र में राज्यभर के कांडों और अपराधियों-माओवादियों से जुड़े संवेदनशील डेटा सुरक्षित रखे जाते थे।

हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का दावा है कि कंप्यूटर और उपकरण जलने के बावजूद डेटा को नुकसान नहीं हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि “सभी सूचनाएं ऑनलाइन सर्वर पर मौजूद हैं, जिन्हें सुरक्षित रूप से रीट्रीव किया जा सकता है।” राहत की बात यह है कि इस हादसे में स्पेशल ब्रांच कार्यालय और उससे जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित हैं।