दुर्गा पूजा पर्व के शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण आयोजन के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  दुर्गा पूजा पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शनिवार 20 सितंबर को  उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक  अजय कुमार की उपस्थिति में जिला समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान सर्वप्रथम उपायुक्त ने प्रखंडवार पूजा समिति के सदस्यों से उनके क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए। साथ ही उपायुक्त ने सभी समिति के सदस्यों को रोड से जगह छोड़कर पंडाल बनाने का निर्देश दिया। वही उन्होंने सभी पूजा समितियों को अपने अपने वोलेंटियर चिन्हित कर अपने थाना को सूचित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पूजा समिति के सदस्यों को आगजनी की समस्याओं से निपटने हेतु पूजा पंडाल के पास उचित मात्रा में बालू, पानी इत्यादि का प्रबंध रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने लाइटिंग की व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं अतिरिक्त जनरेटर की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मेले के दौरान भीड़-भाड़ पर काबू रखने हेतु सभी पूजा समितियों को पंडाल से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर पार्किंग स्थल चिन्हित करने का निर्देश भी दिया। साथ ही पंडाल में प्रवेश एवं निकासी हेतु महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकासी द्वारा बनाने का निर्देश दिया। सुरक्षा दृष्टि के मद्देनजर उपायुक्त ने सभी पूजा समिति सदस्यों से पंडालों में सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया एवं किसी भी समय अनियमितता या परेशानी आने के क्रम में यथाशीघ्र जिला कंट्रोल रूम फोन संख्या – 06553 222005 में अथवा नजदीकी पुलिस प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाये जाने की बात कही। मौके पर पुलिस अधीक्षक ने शांति समिति के सभी सदस्यों एवं विभिन्न पूजा समिति के सदस्यों से सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की अफवाह सामने आने पर प्रथम दृष्टया किसी भी हाल में उस पर विश्वास नहीं करने एवं तुरंत इसकी जानकारी नजदीकी थाना व जिला प्रशासन को देने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने सभी अधिकारियों को पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष ध्यान रखने एवं किसी भी प्रकार से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने पर्व के दौरान भीड़ भाड़ की स्थिति में बच्चों के भटकने के मद्देनजर सभी पूजा समिति के सदस्यों को पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम का अच्छी तरह से इस्तेमाल करने एवं आने वाले लोगों को उनके बच्चों के पॉकेट में अभिभावक के संबंधित पते व फोन नंबर डालने के प्रति जागरूक करने सहित अन्य उपायों की जानकारी दी।

बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी ने पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों के संबंध में सभी को विस्तार से जानकारी देते हुए समिति के सदस्यों से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक दिशानिर्देशों को पहुंचाने की अपील की वही उन्होंने पर्व के दौरान किसी भी हालत में आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने का निर्देश दिया।