कुजू ( रामगढ ), झारखंड : कुजू के हीरक रोड स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में सोमवार को सुबह करीब पांच बजे पांच मजदूर झुलस गए। यहां किलन चार्जिंग के दौरान आग बैक होने से पांच मजदुर झुलस गए। इसमें दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे । जबकि तीन मजदूर को मामूली चोट लगी थी । इस दर्दनाक हादसा में गंभीर रूप से झुलसे करीब कुजू मुरपा बस्ती निवासी 50 वर्षीय नेतलाल ठाकुर की मौत इलाज के दौरान रांची के देवकमल अस्पताल में हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे एक अन्य मजदूर चुंबा निवासी अब्दुल अंसारी फिलहाल इलाजरत है। घटना में नेतलाल ठाकुर व अब्दुल अंसारी बुरी तरह झुलस गए। जबकि दूर में काम कर रहे तीन अन्य मजदूर रांची के अनूप सिंह, डुमरबेड़ा के बालदेव मरांडी व कुजू रामनगर के धर्मेंद्र भी मामूली रूप से चपेट में आए। प्लांट प्रबंधन ने तत्काल गंभीर रूप से झुलसे दोनों मजदूरों को रामगढ़ के प्राइम अस्पताल बाद में रांची के देवकमल अस्पताल लेकर गए। मामूली रूप से चपेट में आए तीन मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय ग्रामीण मुआवजा व आश्रित को नौकरी की मांग को लेकर प्लांट गेट के समक्ष प्रदर्शन किया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह अन्य कनीय अधिकारियों व सशस्त्र बल के साथ डटे हैं। फिलहाल मृतक मजदूर के परिजनों को सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया है।