मगनपुर पंचायत भवन में शुरू हुआ सात सप्ताह का उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम

Spread the love

गोला (रामगढ़), झारखंड : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम-विकास कार्यालय, रांची द्वारा कॉस्मेटोलॉजी एवं ब्यूटीशियन पर सात सप्ताह का उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम (उद्यमिता-कौशल प्रशिक्षण) शुक्रवार को मगनपुर पंचायत भवन, गोला, जिला रामगढ़ में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि  लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, रामगढ़  दिलीप महली  ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में शाखा प्रमुख, बैंक ऑफ इंडिया, मगनपुर जय प्रकाश साहू, उद्यमी समन्वयक मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर विकास बोर्ड रांची भूषण कुमार, वरिष्ठ क्लस्टर मैनेजर झारक्राफ्ट रांची राजीव साहू, प्रशिक्षक ब्यूटीशियन पाठ्यक्रम अंजलि कुमारी तथा सहायक निदेशक ग्रेड-1 सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम-विकास कार्यालय रांची गौरव  उपस्थित थे

अपने सम्बोधन में  दिलीप महली ने कहा कि आज के समय में रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं, ऐसे में स्व-रोजगार और उद्यमिता ही सबसे बड़ा विकल्प है। उन्होंने प्रतिभागियों को बैंकों एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जय प्रकाश साहू ने बैंक से संबंधित योजनाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। भूषण कुमार ने झारखंड सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे पीएफएमई (प्रधानमंत्री औपचारिक सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना) की जानकारी दी और युवाओं को इनसे लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। राजीव साहू ने उद्यमियों के विकास में एमएसएमई योजनाओं की भूमिका समझाई और बताया कि हस्तशिल्प उत्पादों का निर्यात कैसे किया जा सकता है। अंजलि कुमारी ने ब्यूटीशियन और कॉस्मेटोलॉजी प्रशिक्षण के लाभों को उद्यमिता के दृष्टिकोण से समझाया। गौरव ने आत्मनिर्भरता में उद्यमिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए एमएसएमई मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं जैसे सीजीटीएमएसई (क्रेडिट गारंटी फंड योजना), ज़ेड (शून्य दोष-शून्य प्रभाव योजना), लीन विनिर्माण योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, बौद्धिक संपदा अधिकार योजना तथा चैम्पियन योजना के बारे में जानकारी दी।

प्रतिभागियों की सहभागिता

कार्यक्रम में 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोगी बताते हुए सराहना व्यक्त की।

धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष योगदान देने वाले  आशुलिपिक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम-विकास कार्यालय, रांची के यशमेंद्र कुमार,  ने धन्यवाद ज्ञापन किया और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।