कुजू (रामगढ़), झारखंड : विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम देखने गए दो ग्रामीण परिवारों के घर चोरों ने लाखों के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। अनुमान है कि चोरी की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है।
जानकारी के अनुसार, ओरला ग्राम निवासी अनिल कुमार (पिता स्व. ओमनाथ साव) अपने परिवार के साथ गुरुवार शाम करीब 5:20 बजे कुजू हाई स्कूल मैदान में रावण दहन देखने गए थे। जब वे रात करीब सात बजे लौटे तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने आलमीरा और बक्से का ताला तोड़कर करीब 40 हजार नकद व सोना-चांदी के गहने उड़ा लिए, जिनमें सोने की अंगूठियां, चेन, झुमके, मांगटीका, लक्ष्मी जी का पतर, नेकलेस, चांदी की पायल, बिछिया और बच्चों के आभूषण शामिल हैं।
इसी तरह, पास में ही रहने वाले प्रेम प्रसाद (पिता स्व. देवी साव) के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे समेत आधा दर्जन ताले तोड़कर आलमीरा व बक्से से लगभग 7 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। इसमें सोने का नेकलेस सेट, झुमका, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कंगन और चांदी की बिछिया समेत कई गहने शामिल हैं।
सूचना पाकर कुजू ओपी के एएसआई आशीष गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घरों की दो बार जांच की। पीड़ितों से पूछताछ भी की गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक दोनों घरों से करीब 12 लाख रुपये की चोरी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर शैंडिक संघ जागेश्वर पालनी परगना के केंद्रीय अध्यक्ष अनिल प्रसाद, महामंत्री कुलदीप प्रसाद, कोषाध्यक्ष शंकर प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद और जिला परिषद सदस्य दयामंती देवी भी मौके पर पहुंचे। इन्होंने स्थानीय पुलिस और रामगढ़ एसपी से घटना की त्वरित जांच कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।