रामगढ़ में सड़क हादसा : हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, फिर कार से टकराया — एक की मौत

Spread the love

  

रामगढ, झारखंड : रामगढ़-रांची मुख्य मार्ग पर कांकेबार के पास रविवार सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे रांची की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाईवा (नंबर UP 64 BT 6132) ने सैनी होटल के पास एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बरकेश महतो, जो दुलमी प्रखंड के उकरीद गांव के निवासी थे और राजमिस्त्री का काम करते थे, की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को भगाने की कोशिश में आगे बढ़ा, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसने एक हुंडई क्रेटा कार को भी टक्कर मार दी। इस दौरान कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

क्रेटा कार के मालिक ने बताया कि वे रांची से बलिया की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।