बोकारो, झारखंड : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र से चार दिन पहले लापता हुई सबसे काम उम्र की महिला मुखिया को पुलिस ने रांची से बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई मुखिया का नाम सपना कुमारी है, जो गोमिया प्रखंड के पलिहारी गुरुडीह पंचायत की निर्वाचित मुखिया हैं।
बताया जाता है कि दो अक्टूबर को गाँधी जयंती के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद से महिला मुखिया लापता थी । सपना कुमारी के पति ने 2 अक्टूबर की दोपहर को उनके लापता होने की सूचना गोमिया थाना में दी थी। इसके बाद थाना प्रभारी की देखरेख में एक विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसने लगातार तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर तलाश अभियान चलाया।
कई दिनों की मेहनत के बाद पुलिस टीम ने उन्हें रांची के रातू क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस ने बरामदगी की पुष्टि की है, लेकिन मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा करने से फिलहाल परहेज कर रही है। बोकारो पुलिस महिला मुखिया को अपने साथ रांची से बोकारो ले गयी है ।
बताया जा रहा है कि सपना कुमारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर रील्स वीडियो भी बनाती थीं। लापता होने के दिन उन्होंने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था। अब पुलिस आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करेगी।