रांची लौट रही यात्री बस कोडरमा में दुर्घटनाग्रस्त, 11 घायल, तीन की हालत गंभीर

Spread the love

झूमरी तिलैया  (झारखंड) : झारखंड के कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे अंगार मोड़ के पास रांची जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की गति काफी तेज थी और तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण बस पलट गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

सूत्रों के मुताबिक सागर नाम की यह बस प्रतिदिन सतगांवां से रांची के बीच चलती है। दुर्घटना के बाद घायलों को पहले सतगांवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, उसके बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया।

घायलों में सचिन कुमार, रानी देवी, ब्रह्मदेव यादव, अंकित कुमार, रामस्वरूप यादव, काजल कुमारी, रिया कुमारी, दीपक कुमार, राहुल प्रियदर्शी, राजेश कुमार और ललिता कुमारी शामिल हैं। इनमें से कुछ छात्र रांची और हजारीबाग की ओर पढ़ाई के लिए जा रहे थे।

हादसे में सतगांवां थाना के एसआई अरविंद सिंह भी घायल हुए हैं, जो ट्रेनिंग के लिए बस से कोडरमा जा रहे थे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और यातायात को सुचारू कराया। इस बस से रामगढ आ रहे लोगों का कहना है कि चालक ने मोड़ पर बस की रफ्तार कम नहीं की, जिससे यह हादसा हुआ। सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है।