रामगढ़, झारखंड़ :बरकाकाना ओपी क्षेत्र के स्टेशन चौक के पास स्थित संगीता ज्वेलर्स में मंगलवार की रात चोरी की घटना हुई। चोर दुकान की छत पर लगी एस्बेस्टस शीट तोड़कर अंदर घुसे और वहां से चांदी का सेट समेत करीब 27 हजार रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब दुकान मालिक ने शटर खोला तो घटना का खुलासा हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बरकाकाना ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता देखी जा रही है।