भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत में हुआ विवाद, कार्यक्रम के दौरान दो पदाधिकारियों में झड़प

Spread the love

रामगढ़  (झारखंड) : झारखंड भाजपा में गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आई है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल की कमी अब सार्वजनिक रूप से दिखने लगी है। इसी क्रम में गुरुवार को रामगढ़ जिले में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू के स्वागत कार्यक्रम के दौरान दो जिला पदाधिकारियों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

जानकारी के अनुसार, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू 9 अक्टूबर को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इस दौरान उनके स्वागत का कार्यक्रम रामगढ़ के पटेल चौक स्थित सैनी होटल के सामने निर्धारित था। स्वागत स्थल पर काफी कम की संख्या में  कार्यकर्ता मौजूद थे।

आदित्य साहू के आगमन से पूर्व जिला के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को कतारबद्ध होने का निर्देश दिया। इसी बीच जब साहू का काफिला पहुंचा, तो एक पदाधिकारी द्वारा कतार तोड़ कर फूल देने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के पास पहुँच गए । इससे विवाद उत्पन्न हो गया तथा स्वागत व्यवस्था को लेकर दो पदाधिकारियों में कहा-सुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। स्थिति को बिगड़ता देख खुद आदित्य साहू को बीच-बचाव करना पड़ा। उनके तथा वरिष्ठ भजपाईओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

इसके बाद आदित्य साहू का स्वागत जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।