कुजू, झारखंड : झारखंड कोल ट्रेडर्स ट्रस्ट कुजू का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को दिल्ली रवाना हुआ, जहां 15 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे नई दिल्ली स्थित कोयला मंत्रालय में कोयला सचिव विक्रम देव दत्त से मुलाकात करेगा। इस बैठक में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी भी मौजूद रहेंगे। बैठक का उद्देश्य कोयला कारोबार से जुड़ी मौजूदा समस्याओं और नई नीतियों के प्रभावों पर विस्तृत चर्चा करना है।
जानकारी के अनुसार, कोल इंडिया द्वारा हाल ही में लागू की गई नई सैंपलिंग नीति, बैंक गारंटी की अनिवार्यता, परिवहन व्यवस्था में उत्पन्न कठिनाइयाँ और लोकल सेल में पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दों पर कोल ट्रेडर्स लगातार असंतोष जता रहे हैं।
कारोबारियों का कहना है कि नई नीति के कारण छोटे और मध्यम स्तर के कोयला व्यापारियों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस बैठक से समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे और कोयला कारोबार को स्थिरता प्रदान करने के लिए व्यावहारिक नीति बनाई जाएगी।