रांची, झारखंड : भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की रांची टीम ने गुरुवार को सिटी डीएसपी के रीडर सुनील पासवान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
सूत्रों के अनुसार, सुनील पासवान ने एक व्यक्ति से एक मामले में मदद करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था और उसने एसीबी में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने जांच और सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही साबित हुई। इसके बाद एसीबी ने पूर्व नियोजित योजना के तहत जाल बिछाया और गुरुवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील पासवान को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से रांची पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि एसीबी अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच करेगी।