जिला स्तरीय बैंड प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कैथा बना चैम्पियन

Spread the love
प्रदर्शन करती बैंड टीम 

05 और 06 नवंबर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगा रामगढ़, झारखंड का प्रतिनिधित्व

रामगढ़, झारखंड : झारखंड शिक्षा परियोजना रामगढ़ के तत्वावधान में “खेलो झारखंड” कार्यक्रम अंतर्गत सीएम एसओई गांधी मैमोरियल +2 उच्च विद्यालय, रामगढ़ में गुरुवार को जिला स्तरीय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कैथा, ऐला एग्लाइज स्कूल भुरकुंडा, और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पतरातु की टीमों ने भाग लिया। बालिकाओं की टीमों ने देशभक्ति गीतों की धुन पर बैंड वादन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कैथा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और जिला स्तरीय विजेता बनी। द्वितीय स्थान पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, पतरातु की टीम रही।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने कहा कि विभागीय निर्देशानुसार बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है और के.जी.बी.वी. की बालिकाओं ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामगढ़ जिला की विजेता टीम राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने बताया कि विजेता टीम को विशेष प्रशिक्षण शिविर में तैयार किया जाएगा ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन और बेहतर हो सके।

निर्णायक के रूप में सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह और हवलदार प्रदीप सिंह (सिख रेजिमेंट सेंटर, रामगढ़) उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में एडीपीओ नलिनी रंजन, सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह और हवलदार प्रदीप सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया। विजेता टीम आगामी राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता (05–06 नवंबर 2025) में रामगढ़ जिला का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम में एपीओ कुमार राज, इप्शिता तिर्की, प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार अनल, शारीरिक शिक्षा शिक्षक मिथलेश कुमार रविदास, शेखर कुमार, दीपक कुमार सिंह, निरंजन कुमार, सुनील कुमार, रवींद्र कुमार, आलोक मिश्रा, धर्मजीत सिंह और सुशांत सिंह सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।