रामगढ़ गौशाला परिसर में गोपाष्टमी मेला का आयोजन,67 वा गोपाष्टमी उत्सव का आयोजन 

Spread the love
कार्यक्रम में उपस्थित लोग

रामगढ़, झारखंड :  श्री रामगढ़ गौशाला के तत्वावधान में रविवार को गौशाला परिसर में 67वां गोपाष्टमी उत्सव बड़े उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित गोपाष्टमी मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में नगर के सैकड़ों श्रद्धालु, व्यापारी, समाजसेवी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “भारतीय संस्कृति का आधार गौसेवा है, इससे बढ़कर कोई साधना नहीं।” उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, कृषि और अर्थव्यवस्था का मूल तत्व है। गौवंश की रक्षा के बिना सतत विकास की कल्पना अधूरी है।

समारोह के मुख्य वक्ता समाजसेवी एवं रांची चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि गौसेवा को व्यक्तिगत श्रद्धा के बजाय सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौशालाएं मानवीय संवेदना और करुणा के विद्यालय हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में बिमल बुधिया (अध्यक्ष, सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर) और मंजीत साहनी (अध्यक्ष, रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स) उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और परंपराओं के संरक्षण का संदेश देते हैं।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण विद्या मंदिर और रामप्रताप रानीलिया कृष्णा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने आकर्षक नृत्य और भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

गौशाला के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सचिव शिव कुमार अग्रवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि गौशाला में वर्तमान में लगभग 125 गायें हैं, जिनमें से 20 दूध उत्पादन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि संस्था लगभग एक लाख रुपये मासिक घाटे में संचालित हो रही है और समाजसेवियों से सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर गौशाला कर्मचारियों को वस्त्र वितरण किया गया तथा मारवाड़ी युवा मंच चेतना शाखा को उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने किया।

कार्यक्रम में बिमल किशोर जाजू, रमेश अग्रवाल, नंदलाल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, बालकृष्ण जालान, अशोक अग्रवाल, श्याम शर्मा, महेंद्र अग्रवाल, महेश कुमार अग्रवाल, महावीर बौन्दिया, विनय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।