भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड :रामगढ़-पतरातू फोरलेन पर भदानीनगर स्थित बनगड़ा गांव के समीप रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान प्रदीप मुंडा (42 वर्ष) और आनंद मुंडा (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना शाम करीब 5 बजे की है। स्थानीय लोगों के अनुसार अपाची बाइक पर सवार तीनों व्यक्ति रामगढ़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे प्रदीप मुंडा और आनंद मुंडा सड़क के दूसरी ओर जा गिरे। उसी समय तेज रफ्तार से आ रही एक चार पहिया वाहन ने उन्हें कुचल दिया और फरार हो गई। वहीं बाइक पर सवार दो वर्षीय बच्चा सड़क किनारे जा गिरा, जिससे उसे सिर में चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और भदानीनगर पुलिस की मदद से घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप मुंडा और आनंद मुंडा को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने फोरलेन पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। मौके पर भदानीनगर और बरकाकाना पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और प्रशासन को जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाना चाहिए। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि बाइक को किसी अन्य वाहन ने पीछे से टक्कर मारी थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।