पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने लिया पीवीयूएनएल प्लांट का जायजा, यूनिट-1 के सीओडी पर जताया आभार  

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड :  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद जयंत सिन्हा ने बुधवार की शाम पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीवीयूएनएल प्रबंधन के उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की और यूनिट संख्या-1 के सफल कमर्शियल ऑपरेशन डेट (COD) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान पीवीयूएनएल के सीईओ अशोक सेहगल ने पूर्व सांसद जयंत सिन्हा का स्वागत किया और कहा कि उनके दिशा-निर्देशों ने परियोजना को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि यूनिट-1 का व्यावसायिक संचालन झारखंड की बिजली व्यवस्था को मजबूती देगा।

जयंत सिन्हा ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस परियोजना को धरातल पर लाने में उन्होंने विशेष पहल की थी और भविष्य में भी यह परियोजना झारखंड और देश के ऊर्जा विकास की रीढ़ बनेगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक में परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा निर्माण एवं संचालन गतिविधियों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। साथ ही स्थानीय विकास, रोजगार, सीएसआर गतिविधियों और अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की।

आधुनिक तकनीक से लैस है यूनिट-1

श्री सिन्हा ने बताया कि 5 नवंबर 2025 को यूनिट नंबर-1 ने सभी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर औपचारिक रूप से वाणिज्यिक संचालन प्रारंभ कर दिया है।
यह यूनिट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पैरामीटर, एयर-कूल्ड कंडेंसर और 100 प्रतिशत ड्राई ऐश तकनीक से लैस है, जिससे कम पानी की खपत और राख प्रबंधन में दक्षता सुनिश्चित होती है।

उन्होंने कहा कि—

मार्च 2026 तक यूनिट संख्या-2 चालू कर दी जाएगी।

दिसंबर 2026 तक यूनिट संख्या-3 के शुरू होने की योजना है।

तीनों इकाइयों के पूर्ण संचालन के बाद पीवीयूएनएल से कुल 2400 मेगावाट बिजली उत्पादन होगा, जो झारखंड ही नहीं बल्कि देश की ऊर्जा आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

सम्मान समारोह भी हुआ आयोजित

पीवीयूएनएल प्रबंधन की ओर से पूर्व सांसद जयंत सिन्हा और अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सीईओ ए.के. सेहगल, सीजीएम अनुपम मुखर्जी, जीएम मनीष खेत्रपाल, जीएम बी.डी. दास, एचओएचआर जियाउर रहमान, भाजपा नेता महेंद्र महतो, समाजसेवी प्रकाश मिश्रा, जगतार सिंह, अशोक पाठक, रवि कुमार आदि मौजूद थे।