सांसद मनीष जायसवाल ने बड़कागांव विधायक संग किया पीवीयूएनएल का निरीक्षण, यूनिट-1 के व्यावसायिक संचालन को बताया झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि 

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) परियोजना का दौरा किया। सांसद ने यूनिट नंबर-1 के सफल वाणिज्यिक संचालन पर पूरी टीम को खड़े होकर ताली बजाकर प्रोत्साहित किया और इसे झारखंड की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

सांसद ने कहा कि कोविड काल की चुनौतियों, भूमि अधिग्रहण संबंधी कठिनाइयों, कोल माइंस विकास की बाधाओं तथा रेलवे कार्यों के बीच पीवीयूएनएल की टीम ने जिस तरह 5 नवंबर 2025 को यूनिट-1 की COD घोषणा सफलतापूर्वक की, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इस 800 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट से झारखंड को तुरंत 650–700 मेगावाट बिजली मिलने का रास्ता खुलेगा, जिससे बिजली कटौती में कमी आएगी और महंगी बिजली खरीद पर होने वाला खर्च भी घटेगा।

“जब पतरातू पूरे झारखंड को रोशन करेगा तो क्षेत्र अंधेरे में नहीं रहना चाहिए” : मनीष जायसवाल

सांसद जायसवाल ने अधिकारियों से कहा कि अब जबकि प्लांट संचालन में आ चुका है, पतरातू नगर और आसपास के गांवों में स्ट्रीट लाइटिंग जैसी पहलें तेज होनी चाहिए, ताकि स्थानीय नागरिक प्रत्यक्ष रूप से इस परियोजना के लाभ को महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण चरण में पीवीयूएनएल ने पोषण क्षेत्र में कई सामाजिक कार्य किए हैं, लेकिन अब परिचालन चरण में इसका प्रभाव और दिखना चाहिए।

पीवीयूएनएल प्रबंधन ने जताया आभार

पीवीयूएनएल के सीईओ अशोक सेहगल ने सांसद का स्वागत करते हुए कहा कि 2 मई 2025 को पहली विजिट के दौरान प्राप्त उनके दिशा-निर्देशों और प्रोत्साहन ने टीम को ऊर्जा दी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि परियोजना को धरातल पर लाने में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास और उस समय के झारखंड विधानसभा सदस्य के रूप में मनीष जायसवाल की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

परियोजना क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सांसद को यूनिट-1 की तकनीकी तैयारी, निर्माण प्रगति और संचालन की स्थिति से अवगत कराया गया। बैठक में स्थानीय विकास, रोजगार, सीएसआर और भविष्य की इकाइयों के समयबद्ध कमिशनिंग पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद ने परियोजना की अब तक की प्रगति की सराहना की और सभी यूनिटों को तय समय पर चालू करने की शुभकामनाएँ दीं।

आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यूनिट-1

पीवीयूएनएल की यूनिट-1 अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित है, जिसमें उच्च दक्षता, एयर-कूल्ड कंडेंसर द्वारा कम पानी की खपत और 100% ड्राई ऐश प्रबंधन व्यवस्था शामिल है। यूनिट ने स्थिरीकरण और दक्षता से जुड़े सभी परीक्षण सफलतापूर्वक पार कर लिए हैं।

सम्मान समारोह आयोजित

पीवीयूएनएल प्रबंधन की ओर से सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी और उपस्थित अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मौके पर पीवीयूएनएल के सीईओ अशोक सेहगल, सीजीएम अनुपम मुखर्जी, जीएम मनीष खेत्रपाल, जीएम बी.डी. दास, एचओएचआर जियाउर रहमान, सीएफओ एन.के. मिश्रा सहित कई भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।