रामगढ़ (झारखंड) : पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भापुसे) की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना व ओपी प्रभारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण की गति बढ़ाने तथा जनता से बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
थाना प्रवेश द्वार पर CCTV अनिवार्य, एंटी-क्राइम चेकिंग पर खास जोर
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थाना के प्रवेश और निकास द्वार पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँ।
साथ ही एंटी-क्राइम चेकिंग लगातार स्थान बदलकर करने, वाहन जांच से संबंधित सभी डेटा रिकॉर्ड में दर्ज करने तथा रक्षक ऐप का उपयोग कर बिटवार QR कोड स्कैनिंग को सुनिश्चित करने को कहा गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों, लावारिस संपत्ति एवं मालखाना से संबंधित लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसपी अजय कुमार ने सभी थाना/ओपी प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि रात के समय यदि कोई महिला, बच्चा या बुजुर्ग अकेले दिखे तो पुलिस टीम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाए।
साथ ही थाना परिसर में आने वाले आम नागरिकों के लिए बैठने, पीने के पानी तथा सौहार्दपूर्ण व्यवहार की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
बिट पुलिसिंग और नकली शराब के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को पुनः बिटवार पुलिसकर्मियों का स्पष्ट बंटवारा करने और उनकी जिम्मेदारियाँ तय करने को कहा गया।
नकली देसी-विदेशी शराब, जुआ, गंजा तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
लंबित एवं गंभीर मामलों की समीक्षा
बैठक में हत्या, पोक्सो, महिला उत्पीड़न, आगजनी, साइबर धोखाधड़ी, लूट, चोरी, गृहभेदन और डकैती जैसे संवेदनशील मामलों की अलग-अलग समीक्षा की गई।
एसपी ने कहा कि—
लंबित मामलों की दैनिकी प्रतिदिन अद्यतन की जाए
गंभीर मामलों का अनुसंधान शीघ्रता से पूरा हो
NETGRID (Gandiva, Sudarshan) का नियमित उपयोग हो
लंबित समन, वारंट, कुर्की, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन मामलों में तेजी लाई जाए
पोक्सो व बलात्कार मामलों का निष्पादन दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए
थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर निगरानी
एसपी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी क्षेत्र में नियमित भ्रमण करें, वाहन चेकिंग बढ़ाएँ और चोरी-लूट जैसे अपराधों में शामिल गिरोहों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करें।
पुराने मामलों में आरोपी को समय पर अदालत में प्रस्तुत कराने और गिरफ्तार आरोपियों के फिंगरप्रिंट NAFIS में अपडेट करने को भी कहा गया।
सड़क सुरक्षा और ई-साक्ष्य को लेकर विशेष दिशा-निर्देश
बैठक में सड़क दुर्घटना डेटा को IRAD में समय पर दर्ज करने, जागरूकता अभियान चलाने, दुकानों के बाहर CCTV लगाने हेतु BNSS धारा 163 का उपयोग करने तथा New Criminal Law के तहत e-sakshya ऐप का प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान
बैठक के अंत में पिछले माह तीन या अधिक मामलों का सफल निष्पादन करने वाले अनुसंधानकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
भदानीनगर में महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने वाले आरोपी की 48 घंटे में गिरफ्तारी करने वाली टीम को भी सुसेवांक देकर पुरस्कृत किया गया।
बैठक में रामगढ़ व पतरातू क्षेत्र के अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी, परिचारी प्रवर, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी तथा सभी शाखा प्रभारी मौजूद रहे।