कुजू (रामगढ़), झारखंड : कोयलांचल कुजू के दिगवार ग्राम निवासी अतहर अली ने अपनी लगन और जज्बे के दम पर एक बार फिर साबित कर दिया है कि कठिनाइयाँ प्रतिभा का रास्ता नहीं रोक सकतीं। दिव्यांग होते हुए भी उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपनी निष्ठा से राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। अतहर अली का चयन भारत की दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ है और वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए श्रीलंका रवाना हुए हैं।
भारतीय टीम के लिए चुने गए झारखंड के तीन खिलाड़ियों में अतहर अली (रामगढ़), महावीर मोदी (बोकारो) और नाजिर (साहिबगंज) शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी 13 से 17 नवंबर 2025 तक कोलंबो, श्रीलंका में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट महासंग्राम में भारतीय तिरंगा लहराने को तैयार हैं।
दिगवार चौक पर भव्य विदाई
श्रीलंका रवाना होने से पहले अतहर अली का दिगवार चौक पर ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। नारायण यादव और विजय ठाकुर के नेतृत्व में लोगों ने उन्हें फूलमालाएँ पहनाकर और बुके भेंटकर सम्मानित किया। सभी ने उनके सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।
रेल और हवाई मार्ग से रवाना
तीनों झारखंडी खिलाड़ी रांची रेलमार्ग से चेन्नई पहुँचे, जहाँ से वे हवाई मार्ग से कोलंबो के लिए प्रस्थान किए।
विदाई में उपस्थित लोग
अतहर अली को विदा करने वालों में विजय ठाकुर, विनोद कुमार, नारायण यादव, पवन यादव, सुरेंद्र मास्टर, संदीप करमाली, उषा लौहरा, बिनोद कुमार, पिंटू कुशवाहा, त्रिलोकी, विनोद प्रसाद, पिंटू करमाली, रकीब अंसारी, सुरेश कुशवाहा, आबिद अंसारी, मो. सलीम, सुनील कुमार सहित कई ग्रामीण और समर्थक शामिल रहे।