रघुवर दास का सपना, प्रधानमंत्री मोदी के सहयोग से हुआ साकार
रामगढ़ (झारखंड) : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को रामगढ़ स्थित शिवम इन होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की यूनिट नंबर-1 का वाणिज्यिक संचालन झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की दूरदर्शी सोच और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से मूर्त रूप ले सकी।
“यूनिट-1 से झारखंड को 85% बिजली : यही थी रघुवर दास की शर्त”
सांसद ने बताया कि यह तथ्य बेहद महत्वपूर्ण है कि पीवीयूएनएल से उत्पादित बिजली का 85 प्रतिशत हिस्सा झारखंड के लिए आरक्षित है, जबकि केवल 15 प्रतिशत बिजली ही राज्य के बाहर भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर किसी भी पावर प्लांट में स्थानीय राज्य को सिर्फ 25% बिजली मिलती है, लेकिन रघुवर दास ने झारखंड के हित में यह विशेष शर्त रखी थी। इससे राज्य को लगभग 700 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलेगी, जिससे पावर कट में कमी आएगी और सरकार को कम लागत पर स्थायी बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
पुराने प्लांट की जगह आधुनिक तकनीक
सांसद जायसवाल ने कहा कि पतरातू में पहले बिहार स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड का प्लांट था, जो झारखंड अलग होने के बाद तकनीकी रूप से अप्रभावी हो गया था। पुरानी यूनिटें 700–750 मेगावाट क्षमता की थी, लेकिन उत्पादन सिर्फ 100–150 मेगावाट रह गया था, जिससे राज्य पर भारी वित्तीय बोझ पड़ता था।
नई इकाई के बारे में उन्होंने कहा कि—
पीवीयूएनएल देश में स्थापित नवीनतम तकनीक वाला पावर प्लांट है
इसमें कम पानी की खपत होती है
यह ड्राई ऐश आधारित इकाई है, जिससे पर्यावरणीय प्रभाव कम होता है
प्लांट पूरी क्षमता से चलने पर देश को 4000 मेगावाट बिजली दे सकेगा
“परियोजना की सफलता का श्रेय सिर्फ दो व्यक्तियों को—रघुवर दास और पीएम मोदी”
सांसद ने कहा कि इस परियोजना का आधार दो लोगों के निर्णयों और संकल्प पर टिका है— तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास, जिन्होंने झारखंड के लिए नया प्लांट स्थापित करने का विज़न दिया, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिनके सहयोग से यह परियोजना धरातल पर उतरी।
उन्होंने कहा कि बतौर झारखंड विधानसभा सदस्य उन्होंने भी इस परियोजना के पक्ष में मतदान किया था और बाद में जमीन अधिग्रहण, कोल माइंस और रेलवे लाइन से जुड़े मुद्दों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।
“यह सिर्फ बिजली की परियोजना नहीं, पतरातू क्षेत्र के विकास की आधारशिला है”
सांसद ने कहा कि पीवीयूएनएल का संचालन पतरातू क्षेत्र में रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और औद्योगिक विकास के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष दिसंबर तक सभी यूनिटों के चालू होने की संभावना है, जिसके बाद झारखंड की बिजली निर्भरता में ऐतिहासिक सुधार होगा।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति
प्रेस वार्ता में सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, राजीव जायसवाल, भाजपा नेता प्रो. संजय सिंह, जिला महामंत्री विजय जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा, महेंद्र प्रजापति, छोटन सिंह, बिनोद राम, धनंजय कुमार पुटुस, संजय शाह, प्रवीन सोनू, उमेश प्रसाद, सत्यजीत सिंह, बृजेश पाठक, अनिल मिश्रा, खोखा सिंह, शिव कुमार, मुकेश साहू, रंजन चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।