शहर में प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क किनारे अवैध जमावड़ों पर कार्रवाई

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : सोमवार को शहर में प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमित भूमि को खाली कराया गया और एमईएस ऑफिस की दीवार के दोनों ओर लगे ठेले-खोमचे, ऑटो तथा अन्य अवैध जमावड़ों को तत्काल हटाया गया। सभी अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान अफरातफरी

कार्रवाई शुरू होते ही ठेला–खोमचा संचालक तथा फुटपाथ दुकानदार सामान समेटकर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए माहौल अफरातफरी भरा रहा। पुलिस प्रशासन और छावनी परिषद की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाकर यातायात को सुचारू कराया। मुख्य सड़क पर जाम का कारण बने ठेले-खोमचे भी मौके से हटाए गए।

भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

अधिकारियों ने फुटपाथ व्यापारियों को कहा कि “यह अभियान चेतावनी है, अगली बार अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा।”प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कदम शहर में स्वच्छता और सुचारु आवागमन व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

परिषद की टीम सक्रिय

छावनी परिषद टैक्स शाखा प्रभारी एसएन रॉव और ओपी चौहान ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।
नो–पार्किंग क्षेत्रों में फुटपाथ दुकान या ऑटो–टोटो लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। सड़क पर दुकान लगाने से बार-बार जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम जनता परेशान होती है।

सामान जब्ती और लोगों की शिकायतें

अभियान के तहत कई गुमटी, खुट्टा-बल्लियां आदि जब्त कर कार्यालय भेजी गईं। कुछ लोगों ने शिकायत की कि जब्त सामग्री समय पर वापस नहीं मिलती। वहीं, कुछ गुमटियां जब्त करने के बाद शाम तक छोड़ दी गईं, लेकिन कई व्यापारी फिर से उसी स्थान पर जाकर बैठ गए।

अभियान में शामिल अधिकारी व कर्मचारी

अतिक्रमण हटाओ अभियान में पुलिस पदाधिकारी के साथ परिषद के गया प्रसाद, अविनाश गोप, सुरेंद्र प्रसाद, राजेंद्र पांडेय सहित कई सफाईकर्मी शामिल रहे।