एनडीए की ऐतिहासिक जीत को बुद्ध की शांति और विष्णु के पालनकर्ता भाव से जोड़ा डॉ यदुनाथ पांडेय ने 

Spread the love

कुजू, रामगढ़ (झारखंड) : बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों में मिली एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हजारीबाग के पूर्व सांसद डॉ यदुनाथ पांडेय ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे बुद्ध की शांति और भगवान विष्णु के पालनकर्ता भाव से जोड़कर देखा।

कुजू के मुरपा बस्ती स्थित शंभूलाल ठाकुर के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. पांडेय ने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार अराजक राजनीति नहीं, बल्कि संतुलित शासन, सामाजिक सद्भाव और प्रगतिशील विचारधारा को समर्थन दिया है। यह परिणाम देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता के अगाध विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अब बारी बंगाल में राजनीतिक स्वच्छता स्थापित करने की है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि यह जीत बिहारियत, लोकतांत्रिक परिपक्वता और विकास में विश्वास रखने वाले आमजन की जीत है। बिहार की संस्कृति, इतिहास और वैचारिक धरोहर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस धरती ने दुनिया को अहिंसा, करुणा और लोककल्याण का संदेश दिया, वही धरती आज राष्ट्र को स्थिर नेतृत्व और राजनीतिक मर्यादा का मार्ग दिखा रही है।

उन्होंने कहा कि एनडीए की जीत सिर्फ सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि विकासपरक सोच की स्वीकृति है। यह जीत गरीब परिवारों, किसानों, नौजवानों, मातृशक्ति और मेहनतकश जनता की है, जिन्होंने कठिन समय में भी विश्वास बनाए रखा और विकास के पक्ष में मतदान किया।

डॉ. पांडेय ने कहा कि आने वाला समय बिहार के लिए निर्णायक विकास यात्रा का होगा, जहां शासन का केंद्र जनविश्वास, शांति, प्रगति और सामाजिक समरसता रहेगा। बिहार ने एक बार फिर अपने विवेकपूर्ण निर्णय से राष्ट्र को राह दिखाया है।

मौके पर उमेश चंद्र पटेल, रघुनंदन ठाकुर, शंभूलाल ठाकुर, सुधान सिंह, कुंदन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे ।