झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूर्वी भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं. उनकी प्रॉपर्टी का मूल्य 25 करोड़ 33 लाख 87 हजार 953 (25,33,87,953) रुपए है. उन पर 3 करोड़ 92 लाख, 63 हजार 81 रुपए (3,92,63,081) की देनदारी भी है. उनकी व्यक्तिगत आय 22 लाख 73 हजार 330 रुपए है. यह जानकारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने दी है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित बरहेट विधासनभा सीट से विधायक हैं. झारखंड के मुख्यमंत्री का पेशा राजनीति और सामाजिक गतिविधियां हैं.
हीरों के हार के भी शौकीन हैं हेमंत सोरेन
हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में अपने नामांकन के साथ जो शपथ पत्र दाखिल किया था, उसमें उन्होंने बताया था कि उनके पास 2008 मॉडल की एक कार (BR14E 3333) है. इसकी कीमत 60,000 रुपए है. हेमंत सोरेन के पास 40.40 लाख रुपए की ज्यूलरी है. इसमें 2 हीरों के हार हैं. एक का वजन 22.63 ग्राम है. इनका मूल्य 4,63,739 रुपए है. दूसरे हीरे के हार का वजन 15.16 ग्राम है, जिसकी कीमत 3,51,493 रुपए है. उनके पास 48.91 ग्राम का डायमंड सेट भी है, जिसका मूल्य 9,57,432 रुपए है. 21.33 ग्राम के इटालियन चेन का मूल्य 1,18,488 रुपए है.
हेमंत सोरेन ने 3 साल में जमीन के 23 प्लॉट खरीदे
हेमंत सोरेन ने वर्ष 2006 से र्ष 2008 के बीच यानी 3 साल में जमीन के 23 प्लॉट खरीदे हैं. इसका मूल्य 26,64,875 रुपए बताया है. जमीन के ये टुकड़े रांची के अनगड़ा, बोकारो जिले के जरीडीह और धनबाद के गोविंदपुर में जमीनें खरीदी हैं. बोकारो के सेक्टर 4 में शंकर सोरेन के नाम पर एक भू-खंड है, जो 2400 वर्गफुट का है. 25 मई 2002 को यह जमीन 50 हजार रुपए में खरीदी गई थी. इस पर निर्माण में 8.50 लाख रुपए खर्च किए गए. आज इसका मूल्य 80 लाख रुपए है. उनके सभी 23 भू-खंडों का वर्तमान मूल्य 1,92,77,697 रुपए है।
हेमंत सोरेन की कमाई : विधानसभा का वेतन और एफडी पर ब्याज
हेमंत सोरेन की कमाई का स्रोत विधानसभा से मिलने वाला वेतन और फिक्स्ड डिपॉजिट से मिलने वाला ब्याज है. उनकी पत्नी को भी विधानसभा से वेतन मिलता है. इसके अलावा बिजनेस से भी उनकी आय होती है. कल्पना सोरेन (सोहराय भवन, सोहराय इवेंट और इडेन गर्ल्स हॉस्टल) चलातीं हैं. इससे उन्हें किरया मिलता है. साथ ही फिक्स्ड डिपॉजिट पर उन्हें ब्याज भी मिलता है. पटना विश्वविद्यालय से वर्ष 1994 में विज्ञान में इंटर की परीक्षा पास करने वाले हेमंत सोरेन पर 5 मुकदमे लंबित हैं.