रामगढ़: वज्रपात की चपेट में आने से सोनडिमरा के युवक की मौत, घर में मोबाइल देखते वक्त घटी घटना

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: जिले के बरलंगा थाना क्षेत्र के सोनडिमरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक मधुसूदन महतो की वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह अपने घर के अंदर मोबाइल देख रहा था।

घर के अंदर मौजूद था, मोबाइल देखते वक्त आया वज्रपात

परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच मधुसूदन घर के अंदर बैठा मोबाइल पर कुछ देख रहा था। इसी दौरान एक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर मधुसूदन बेहोश हो गया।

परिजन आनन-फानन में उसे बरलंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

गाँव में शोक की लहर

मधुसूदन महतो की असमय मृत्यु से पूरे सोनडिमरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिचितों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

प्रशासन से मदद की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने वज्रपात से सुरक्षा के उपायों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया है।