रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ छावनी परिषद कार्यालय के सभागार में गुरुवार को बोर्ड की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष सह ब्रिगेडियर साजेश बाबू पी.जी. ने की, जबकि संचालन सीईओ अनंत आकाश द्वारा किया गया। बैठक में रामगढ़ विधायक श्रीमती ममता देवी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
एजेंडा और वित्तीय अनुमोदन
बैठक में 15 प्रस्तावित एजेंडों और 2 टेबल एजेंडों पर चर्चा की गई। मार्च और अप्रैल महीने के आय-व्यय विवरण, कर्मचारियों एवं पेंशनधारियों के डीए-डीपी, तथा दो मोटेशन मामलों को अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही 21 सड़क मरम्मत कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई।
स्टेडियम और कम्युनिटी हॉल की स्वीकृति
बैठक में शहर में स्टेडियम और कम्युनिटी हॉल के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। ये कार्य DMFT फंड से पूरे किए जाएंगे, जिसके लिए योजना प्रस्ताव जल्द संबंधित विभाग को भेजे जाएंगे।
विधायक ममता देवी ने उठाए अहम मुद्दे
बैठक में विधायक ममता देवी ने शहर में जलापूर्ति को दुरुस्त करने और नालियों की सफाई एवं मरम्मत की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले मानसून को देखते हुए नालियों का कार्य प्राथमिकता पर लिया जाना चाहिए।
धंधार तालाब का निरीक्षण
बैठक के बाद अध्यक्ष ब्रिगेडियर साजेश बाबू पी.जी., सीईओ अनंत आकाश और विधायक ममता देवी ने बंगाली टोला स्थित ऐतिहासिक धंधार तालाब का निरीक्षण किया। तालाब में “तालाब बचाओ अभियान” के तहत चल रहे साफ-सफाई कार्यों का अवलोकन किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह तालाब रामगढ़ के स्थापना काल से मौजूद है और करीब 20,000 आबादी की धार्मिक, सामाजिक और जल आवश्यकता का स्रोत रहा है। उन्होंने तालाब की गहरीकरण, घाट निर्माण और वृक्षारोपण की मांग रखी ताकि इसे फिर से सामुदायिक जीवन का केंद्र बनाया जा सके।
तालाब के सफाई के निरीक्षण के क्रम में लोगो से बात करते अधिकारी व विधायक
निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे
निरीक्षण के दौरान पूर्व प्राचार्य आशुतोष सिंह, के.के. शर्मा, दशरथ महतो, बलराम साहू, तथा गोरियारी बागी, बंगाली टोला, कृष्णापुरी समेत कई स्थानीय निवासी उपस्थित थे। ब्रिगेडियर और सीईओ ने तालाब की साफ-सफाई और संरक्षण को लेकर आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
अस्पताल निरीक्षण
बोर्ड अध्यक्ष और सीईओ ने छावनी जनरल अस्पताल का भी दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सुधार को लेकर सुझाव दिए।