अग्रगति ने साल भर में बाल मजदूरी से मुक्त कराए 08 बच्चे
रामगढ़, झारखंड :विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर जिले में बाल अधिकारों की सुरक्षा व संरक्षण के लिए काम कर रहे संगठन अग्रगति के निदेशक किरण शंकर दत्त ने शुक्रवार को पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया । उन्होने कहा कि बाल अधिकारों के मोर्चे पर जिला प्रशासन व नागरिक समाज में जो सजगता व समन्वय दिख रहा ह। उससे यह विश्वास जगता है कि हम जल्द ही बाल श्रम मुक्त रामगढ़ का सपना साकार होते देखेंगे। उन्होने बताया कि हमारे संगठन अग्रगति ने पिछले एक साल में जिला प्रशासन के सहयोग से उसने जिले में.बाल श्रम के खिलाफ 06 छापामारी अभियान चलाया तथा इस दौरान 08 बच्चों को मुक्त कराया और उनके पुनर्वास की दिशा में भी प्रयास किए हैं ।
किरण शंकर दत्त ने बताया कि अग्रगति देश में बाल अधिकारों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए देश के नागरिक समाज के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) का सहयोगी संगठन है। जेआरसी के 250 से भी ज्यादा सहयोगी संगठन देश के 418 जिलों में जमीन पर बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण और बच्चों की ट्रैफिकिंग के खिलाफ काम कर रहे हैं।
अग्रगति के निदेशक श्री किरण शंकर दत्त ने रिपोर्ट के हवाले से कहा बाल श्रम के खात्मे की दिशा में दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है और इसका श्रेय राज्य सरकार और जिला प्रशासन की सतर्कता और संवेदनशीलता को जाता है। उन्होंने कहा कि हमें बाल श्रम को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर अमल करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की जरूरत है। सरकार को अभियोजन तंत्र को मजबूत करते हुए एक बाल मजदूर पुनर्वास कोष स्थापित करने व इन बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक समग्र पुनर्वास नीति पर काम करना चाहिए।