रामगढ़: विक्षिप्त महिला ने सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मचाया उत्पात, मरीज और स्वास्थ्यकर्मी रातभर रहे परेशान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रविवार देर रात सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुजू ओपी पुलिस द्वारा भर्ती कराई गई एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला ने पूरी रात अस्पताल में जमकर उत्पात मचाया। महिला के आक्रामक व्यवहार से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों, महिला स्वास्थ्यकर्मियों और नाइट गार्डों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि विक्षिप्त महिला ने न केवल वार्ड में मौजूद उपकरणों और सामानों को नुकसान पहुंचाया बल्कि एक महिला स्वास्थ्यकर्मी का मुंह काफी देर तक बेडशीट से दबाए रखा और नाइट गार्ड का गला दबाने का भी प्रयास किया। इसके अलावा, महिला ने अपने साथ मौजूद दोनों छोटे बच्चों को खाना नहीं खाने दिया, जिससे वे भूख से रोते रहे।

पूरी रात चले इस उत्पात के कारण अस्पताल में दहशत का माहौल बना रहा। इमरजेंसी सेवाएं भी बाधित होती रहीं। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन किसी तरह महिला को वार्ड में नियंत्रित करने में सफल रहा।

सदर अस्पताल के डीएस डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने कुजू ओपी पुलिस को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि उक्त महिला को मानसिक रोग संस्थान (रिनपास) रांची में उपचार हेतु भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि उसे उचित इलाज मिल सके और अस्पताल की व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।