रामगढ़ में चरमराई विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाए : अरुण सिन्हा

Spread the love

विद्युत की लचर व्यवस्था का मुख्य कारण डीवीसी 

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ में इन दिनो विद्युत आपूति व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।  वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण कुमार सिन्हा ने मंगलवार को इसमें सुधार किये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रामगढ़ में वर्तमान में कब लाइन कट जाए इसका भरोसा नही है। कहा कि विद्युत व्यवस्था के चरमराने से किसानो को खेती में, छात्रों में पढ़ने में परेशानी होने के साथ साथ विभिन्न कार्यालयों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि झारखंड सरकार डीवीसी से बिजली लेकर सप्लाई करती है। बताया कि रामगढ़ जिले में लगभग 20 स्थानो में डीवीसी से डायरेक्ट विद्युत सप्लाई की जाती है। बताया कि जिन स्थानो में डीवीसी से डायरेक्ट विद्युत की सप्लाई होती है वहां आपूर्ति में कभी कोई बाधा उत्पन्न नही होती है। वहीं, जब झारखंड सरकार डीवीसी से जेबीएनएल के माध्यम से विद्युत लेकर राज्य में सप्लाई करती है तो उसमें हमेशा व्यवधान उत्पन्न होता रहता है।

श्री सिन्हा ने बताया कि डीवीसी के द्वारा पश्चिम बंगाल में भी विद्युत सप्लाई किया जाता है लेकिन वहां सप्लाई में कभी हल्का सा भी व्यवधान उत्पन्न होता है तो वहां के लोग अंदोलन के लिए तुरंत डीवीसी के कार्यालय पहुंच जाते हैं। जिस कारण डीवीसी वहां हमेशा विद्युत आपूर्ति को नियमित रखता है। डीवीसी द्वारा हजारीबाग, कोडरमा और रामगढ़ में विद्युत की सप्लाई की जाती है और इन तीनो जिलों में विद्युत आपूर्ति अनियमित है। कोई भरोसा नही रहता कि कब बिजली आएगी और कब कट जाएगी। अरूण कुमार सिन्हा ने कहा कि इस उमस भरी गर्मी में तीन घंटे की लोड शेडिंग होने से लोगों की परेशानी और भी बढ़ गई है। ऐसे में अनियमित विद्युत आपूर्ति में तत्काल सुधार किये जाने की जरूरत है। क्योंकि यदि स्थिति ऐसी ही रही तो रामगढ़ वासियों का आक्रोश विभाग के प्रति बढ़ता जाएगा।