सांडी तिलैया मंडा पूजा: दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर शिवभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन

Spread the love

कुजू, रामगढ़: शिवभक्ति की अनोखी परंपरा और आस्था का अद्वितीय नजारा सोमवार को सांडी तिलैया शिव मंदिर परिसर में देखने को मिला, जहां 121 भोक्ताओं ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर शिव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया। यह आयोजन मंडा पूजा महोत्सव के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें पूरे क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत झलकती रही।

तीस फीट ऊंचे बनसझूला पर झूलते भोक्ता

विधिपूर्वक पूजन और लोटन सेवा से हुआ शुभारंभ

16 जून से प्रारंभ हुए इस आयोजन की शुरुआत विश्वकर्मा पूजा से हुई थी। सोमवार को मंडा पूजन के मुख्य दिन पर, सभी भोक्ता बड़कागढ़ा नाला में स्नान कर नव वस्त्रों में शिव मंदिर की परिक्रमा करते हुए लोटन सेवा के साथ मंदिर में पहुंचे। पूजन का विधिवत संचालन पंडित प्रमोद कुमार तिवारी ने किया, जिसमें पटभोक्ता धनराज बेदिया, हीरू बेदिया, फुलसरी बासुदेव बेदिया और बिगन बेदिया ने प्रमुख भूमिका निभाई।

अंगारों पर चला शिवभक्ति का कारवां

पूजन के बाद, मुख्य आकर्षण रहा वह दृश्य जब सभी 121 शिवभक्तों ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर भक्ति की पराकाष्ठा दिखाई। श्रद्धालुजन इस अलौकिक दृश्य को देख मंत्रमुग्ध हो गए।

दहकते अंगारे पर नंगे पांव चलकर आस्था जताते

बनसझूला पर लटके श्रद्धालु, छऊ नृत्य ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान एक और रोमांचक दृश्य रहा जब 30 फीट ऊंचे बनसझूला पर भोक्ताओं को पीठ में कील के सहारे बांधकर झुलाया गया। इस दौरान परिवार की महिलाएं सिर पर कलश लेकर आराधना करती रहीं।
इसके साथ ही बंगाल से आई छऊ नृत्य मंडलियों सोनाली महतो और कल्पना महतो की प्रस्तुतियों ने मेले में उपस्थित श्रद्धालुओं और आगंतुकों का भरपूर मनोरंजन किया।

अतिथि एवं संचालन

इस पावन आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार महतो, पूर्व पार्षद मंजू देवी और हेमनी देवी मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत फूलमालाओं से किया गया। संचालन पूर्व मुखिया रामसहाय बेदिया ने किया।

आयोजन समिति की भूमिका

पूरे आयोजन की व्यवस्था मंडा पूजा समिति के अध्यक्ष लाली बेदिया, सचिव शंकर बेदिया, कोषाध्यक्ष विशेश्वर बेदिया समेत अन्य सदस्यों ने बखूबी निभाई। सहयोग में महेंद्र प्रसाद, बालेश्वर बेदिया, सावन बेदिया, शालिग्राम बेदिया, प्रयाग बेदिया, अर्जुन महतो सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।