महिला डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर आजसू नेता ने किया प्रेस कांफ्रेंस         निजी नर्सिंग होम भेजकर शोषण का आरोप

Spread the love

गोला, रामगढ़ :  गोला स्थित द्वारिका पैलेस में बुधवार को आजसू के युवा नेता व सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के पुत्र पियूष चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. अपराजिता कुमारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञात हो कि इससे पूर्व महिला चिकित्सक ने गोला थाना में आवेदन देकर पियूष चौधरी पर राजनैतिक उदेश्य को लेकर वीडियो वायरल करने का आरोज लगाया था। साथ ही महिला चिकित्सक ने वीडियो वायरल होने स अपनी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचने तथा मानसिक रूप से परेशान होने का आरोप लगाते हुये पियूष चौधरी पर कार्रवाई की मांग की थी।

 पियूष चौधरी ने बताया कि 27 जून 2025 को लिपिया गांव की गर्भवती महिला मोनिका कुमारी को प्रसव पीड़ा के चलते गोला सीएचसी में भर्ती कराया गया था। उस समय डॉ. अपराजिता कुमारी ड्यूटी पर तैनात थीं। रात करीब 11 बजे महिला की हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर किया गया। लेकिन परिजनों को यह कहते हुए डराया गया कि सदर अस्पताल पहुंचने में देर होगी और कुछ भी अनहोनी हो सकती है।

नेता के अनुसार, डॉक्टर ने महिला के पति को गोला नर्सिंग होम भेजने का सुझाव दिया, जहां रात एक बजे उसी डॉक्टर द्वारा सामान्य प्रसव कराया गया। अगले दिन नर्सिंग होम प्रबंधन ने पीड़ित परिवार को ₹26,500 का बिल थमा दिया। जबकि अगर प्रसव सीएचसी में होता तो सरकार की ओर से ₹1500 महिला को और ₹300 सहिया को मिलते।

पीयूष चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि यह निजी नर्सिंग होम एक कांग्रेस नेता का है, जो विधायक ममता देवी के करीबी माने जाते हैं, और वहाँ विधायक मद से खरीदी गई एम्बुलेंस का भी उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने इस पूरे प्रकरण को गरीबों के साथ धोखा बताते हुए कहा कि “सरकारी डॉक्टर द्वारा निजी अस्पताल भेज कर गरीब मरीजों से मोटी रकम वसूलना सरकारी सेवा का दुरुपयोग है। यह अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज संरक्षित कर लिया गया है, जो पूरे मामले की पुष्टि करता है। युवा आजसू इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करता है।

मौके पर उपस्थित प्रमुख लोग:
रणधीर बसेरिया, रोहित सोनी, विशु रजवार, राहुल कुशवाहा, शिवम पिल्लई, अरुण दांगी, रूपेश महतो आदि।