कुजू, रामगढ़ (झारखंड): कुजू ओपी क्षेत्र के बूढ़ाखाप स्थित आलोक स्टील प्लांट में कार्यरत महिला कर्मी की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के क्रम में मौत हो गई। मृतका की पहचान बूढ़ाखाप निवासी 57 वर्षीय आशो देवी (पत्नी रामेश्वर महतो) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
बताया गया कि आशो देवी सोमवार को नियमित ड्यूटी पर थीं, जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्लांट प्रबंधन ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार देर शाम उनकी मृत्यु हो गई।
मृतका के गांव के लोग प्लांट प्रबंधन से एक आश्रित को नौकरी, पेंशन, पीएफ के अलावा 30 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने मृतका के शव को प्लांट के मुख्य द्वार पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
इस आंदोलन को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिल रहा है। धरना में लीलावती महतो, गुड्डी महतो, अनीता देवी, रूपा महतो, सुलेखा देवी, बबीता देवी, ममता देवी, शिवदयाल प्रसाद, सुजन्ति देवी, रवि महतो, बिहारी महतो, लक्ष्मण महतो, आनंद तुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, सीआई राम रतन पांडेय के साथ सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारी ग्रामीणों की प्लांट प्रबंधन से दो दौर की वार्ता कराई। हालांकि, कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका और वार्ता विफल रही। समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी है।