कुजू, रामगढ़ (झारखंड): कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत आरा-नयामोड़ हीरक सड़क पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में लूना सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय गेंदलाल यादव के रूप में हुई है, जो बोकारो जिला के जगेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत दनिया गांव के निवासी थे।
गेंदलाल यादव अपनी लूना (टीवीएस बाइक संख्या JH09AQ-2541) से कुजू बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे आरा नया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, सामने से तेज गति में आ रही एक बोलेरो पिकअप वैन (वाहन संख्या JH02Z-4761) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गेंदलाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक के आश्रितों ने प्रशासन से मुआवजा और सरकारी सहायता की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।