कुजू (रामगढ़): कुजू ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंगावार के नीमटोला के समीप गुरुवार देर रात एक स्विफ्ट कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार लोग घायल हो गए। यह हादसा रात करीब दो बजे हुआ, जब बिहार शरीफ (नालंदा) से रांची की ओर जा रही स्विफ्ट कार (संख्या: BR 01FM 1785) का अगला टायर अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आ जाने के कारण वाहन असंतुलित हो गया था।
दुर्घटना में कार सवार गोल्डु कुमार (पिता- धर्मवीर प्रसाद, रहुई निवासी), रवि शंकर कुमार (पिता- स्व. मथुरा प्रसाद), शक्ति प्रकाश (पिता- अरुण प्रसाद, गोपाईचक निवासी) एवं राहुल कुमार (सुंदरपुर निवासी) घायल हो गए। सभी को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही रात्रि गश्ती पर तैनात एसआई संजय हेंब्रम मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल भिजवाया। इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई है।
इधर, पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार को अपने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के बाद फोरलेन सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ।