रामगढ़ में चेन स्नैचिंग की दो वारदात, महिला और युवक बने शिकार — अपराधी फरार

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड): रामगढ़ जिले में चेन स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं ने शुक्रवार को पुलिस और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने महिला और युवक को निशाना बनाया और सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।

पहली घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। नेहरू रोड निवासी कोमल जैन (45), जो प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक पर जाती हैं, बंजारी मंदिर से लौटते वक्त एमईएस गेट के पास सुभाष चौक के समीप पहुंचीं थीं, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार में नए बस पड़ाव की दिशा में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

वहीं दूसरी घटना जयसवाल कॉलोनी निवासी प्रतिम सिंह के साथ घटी, जो टायर मोड़ इलाके में किसी काम से गए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। इस मामले में भी रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इन दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।