बरकाकाना : ईंट भट्ठे की चिमनी में मिला 5 दिन से लापता युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love
मो सहुद अंसारी

रामगढ़ (झारखंड), बरकाकाना: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के दुर्गी बस्ती निवासी 24 वर्षीय मो सहुद अंसारी का शव शुक्रवार को पीरी बस्ती के पास एक बंद पड़े ईंट भट्ठे की चिमनी से बरामद हुआ। युवक बीते 5 दिनों से लापता था और उसकी गुमशुदगी को लेकर परिजनों ने पहले ही थाना में आवेदन दिया था। शव की बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, चिमनी से आ रही तेज दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब कुछ ग्रामीण चिमनी के पास पहुंचे तो उन्होंने अंदर शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान परिजनों ने कपड़ों के आधार पर सहुद अंसारी के रूप में की।

मृतक की जेब से एक बाइक और एक 709 टर्बो ट्रक की चाबी मिली है। परिजनों के अनुसार, साहू उसी ईंट भट्ठे पर टर्बो ट्रक चलाता था और यह चाबी उसी की थी। बताया गया कि वह मोहर्रम के दिन जुलूस में शामिल होने के लिए घर से निकला था और फिर लौटकर नहीं आया। करीब डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मामला हत्या, दुर्घटना या आत्महत्या का है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताने से मामला गहराते जा रहा है, जिससे पुलिस पर दबाव बढ़ गया है कि वह मामले का जल्द खुलासा करे।