धनंजय कुमार पुटूस के 22 वे जनता दरबार में ग्रामीणों ने सड़क व लाइट की समस्या रखी

Spread the love

धनंजय कुमार पुटूस ने शीघ्र समाधान का दिया भरोसा

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैथा के निकट दीप नगर में भाजपा नेता व सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस द्वारा 22 वे जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए। इस जनता दरबार सह जन संवाद के दौरान लोगों ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को खुलकर सामने रखा।

जनता दरबार में प्रमुख रूप से सड़क की जर्जर स्थिति और स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने श्री पुटूस को आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि खराब सड़कों और रात में रोशनी की कमी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

जनता की इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए धनंजय कुमार पुटूस ने कहा सड़क और लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार है। मैंने संबंधित विभागों से बात कर समाधान का निर्णय लिया है। जल्द ही इन समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से इन कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखेंगे ताकि समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर महिलाओं ने राशन और पेंशन संबंधी परेशानियों को भी उठाया। श्री पुतूस ने इन सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया।

जनता दरबार की समाप्ति पर ग्रामीणों ने धनंजय कुमार पुटूस के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने हमारी समस्याओं को गंभीरता से लिया और बारिश में हमारे बीच आकर हमारी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं।