एक सीसीएल अधिकारी, दो कर्मी और एक कोयला लिफ्टर शामिल
गिद्दी (हजारीबाग), झारखंड :गिद्दी कोलियरी के कोयल रोड सेल में अवैध वसूली मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को रांची से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक सीसीएल अधिकारी अयोध्या करमाली, दो कर्मचारी प्रकाश महली और मुकेश कुमार, तथा रांची रोड रामगढ़ निवासी कोयला लिफ्टर (डीओ होल्डर) विजय सिंह शामिल हैं।
सीबीआई इस मामले में पिछले कई महीनों से जांच कर रही थी। मार्च, मई और जून महीने में सीबीआई ने गिद्दी परियोजना कार्यालय समेत कई कर्मियों और संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान सीबीआई को अवैध लेन-देन और वसूली से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर चारों को पूछताछ के लिए सीबीआई ने रांची स्थित कार्यालय में बुलाया था, जहां पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद गिद्दी समेत पूरे कोयला क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अन्य कोयला क्षेत्रों के रोड सेल में भी अवैध वसूली की जांच की तैयारी में है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।