पतरातू रामगढ़, झारखंड : पतरातू थाना क्षेत्र के टेरपा गांव में सोमवार की देर शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रोचाप गांव निवासी सुरैया देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सुरैया देवी शाम को जानवर चराने के लिए गई थीं, उसी दौरान तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बिजली करंट की चपेट में आकर भैंस की मौत
वहीं, पतरातू के बावन धारा स्थित एक खटाल में सोमवार रात 12 बजे के करीब करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। यह भैंस लखन यादव की थी । बताया जा रहा है कि भैंस 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल के पास बंधी थी। जहां अचानक करंट आ गया।
घटना के बाद इलाके की बिजली व्यवस्था बाधित हो गई। मंगलवार सुबह जब बिजली मिस्त्री तार मरम्मत करने पहुंचे, तो खटाल के लोगों ने विरोध किया। स्थिति को देखते हुए पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि बारिश के कारण तार में फ्लैशिंग हुई, जिससे करंट पोल में आ गया। वहीं, पशुपालक द्वारा भैंस को पोल के समीप बांधना भी दुर्घटना का कारण बना।