माले नेता मिथिलेश सिंह को दी गयी श्रद्धांजलि, गिद्दी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए कई वरिष्ठ नेता

Spread the love

मिथिलेश सिंह के चित्र पर माल्यापर्ण करते माले के केंद्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्या

गिद्दी (हजारीबाग), झारखंड | संवाददाता : वामपंथी आंदोलन के वरिष्ठ नेता और माले (भाकपा-माले) केंद्रीय समिति के सदस्य मिथिलेश सिंह के निधन पर बुधवार को गिद्दी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

सभा में माले के केंद्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, माले सांसद राजाराम सिंह (काराकाट), एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद रमेंद्र कुमार, पूर्व विधायक विनोद सिंह (बागोदर), पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल (मांडू), माले नेता शुभेंदु सेन समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे और उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता बैजनाथ मिस्त्री ने की, जबकि संचालन आरडी मांझी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि मिथिलेश सिंह का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उन्होंने जो वैचारिक विरासत छोड़ी है, वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

उन्होंने बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां “वोटबंदी” की राजनीति चल रही है और आम नागरिकों के वोटिंग अधिकार से उन्हें वंचित किया जा रहा है, जिसका विरोध पूरे देश को करना चाहिए।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग भी शामिल हुए और सभी ने एकजुट होकर मिथिलेश सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।