सीसीएल, सेवा फाउंडेशन और जिला प्रशासन रामगढ़ के बीच हुआ समझौता
रामगढ़, झारखंड | 22 जुलाई 2025 : झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल रजरप्पा की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए एक अहम कदम उठाया गया है। सोमवार को रजरप्पा पर्यटन स्थल के दैनिक रखरखाव और सफाई व्यवस्था को लेकर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), सेवा फाउंडेशन और जिला प्रशासन रामगढ़ के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की उपस्थिति में रामगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ।
इस समझौते के तहत सेवा फाउंडेशन के स्वयंसेवक अगले दो वर्षों तक रजरप्पा में सफाई और कचरा प्रबंधन का कार्य देखेंगे। परियोजना को सीसीएल के सीएसआर फंड से संचालित किया जाएगा और जिला प्रशासन निगरानी रखेगा। खासतौर पर भैरवी और दामोदर नदी के संगम, घाटों व सार्वजनिक स्थलों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
एमओयू पर सीसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ एस. लाल, जिला पर्यटन पदाधिकारी मारकस हेमरोम और सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक एस. ठाकुर ने हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) श्री रविंद्र कुमार गुप्ता और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
रजरप्पा पर्यटन स्थल
भैरवी और दामोदर नदी के संगम पर स्थित रजरप्पा हर साल लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है। इस समझौते से उम्मीद की जा रही है कि पर्यटन स्थल की स्वच्छता और व्यवस्था में सुधार होगा।