रामगढ़, झारखंड: आज रामगढ़ में कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रामगढ़ की विधायक श्रीमती ममता देवी एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्री शहजादा अनवर ने किया। इस शिष्टाचार भेंट में जिले के विकास, विधि-व्यवस्था और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री मुन्ना पासवान ने कहा कि, “पिछली मुलाकात के दौरान उपायुक्त महोदय से जो कुछ भ्रम की स्थिति बनी थी, वह आज की बातचीत में पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। आज की बैठक से यह विश्वास बढ़ा है कि उपायुक्त महोदय ऊर्जावान और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी हैं, जो रामगढ़ के समग्र विकास को लेकर गंभीर हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी और रामगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में हर संभव सहयोग देगी। बैठक के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनकल्याण से जुड़ी प्राथमिकताओं पर भी बातचीत हुई।
यह मुलाकात जिले में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद व सहयोग की एक सकारात्मक मिसाल के तौर पर देखी जा रही है।