भुरकुंडा ( रामगढ़ ), झारखंड : लारीकलां निवासी आफताब अंसारी उर्फ गुड्डू के साथ मारपीट और थाना से गायब होने के बाद शव मिलने पर शनिवार को रामगढ़ थाना व शहर में भारी हंगामा हुआ था। इसके बाद रामगढ़ थाना प्रभारी समेत चार पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया था। रामगढ़ थाना में दर्ज प्राथमिकि में हिंदू टाइगर फोर्स के दीपक सिसोदिया व भुरकुंडा निवासी राजेष वर्मा समेत कई अन्य पर नामजद किया गया था। इसके बाद शनिवार की देर रात पुलिस ने भुरकुंडा से राजेश वर्मा को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिंदुवादी संगठनों ने रविवार को भुरकुंडा थाना के समक्ष धरने पर बैठ गये। धरना में बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी भी बैठे हुये हैं। इनका कहना है कि हिंदू संगठन के नेताओं को झूठा आरोप लगा कर नामजद अभियुक्त बनाया गया है। आरोप लगाया जा रहा है कि राजनैतिक कारणों से पुलिस एकपक्षिय कार्रवाई कर रही है। झूठी प्राथमिकी वापस लेने तथा हिरासत में लिए लोगों को रिहा करने की मांग की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक धरना जारी है तथा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।
धरना देने वालों में रोशनलाल चौधरी, सतीश सिन्हा, राकेश सिन्हा, विश्वरंजन सिन्हा, संजीव कुमार बाबला, दिलीप दागी, लव कुमार, योगेश दांगी, राजाराम प्रजापति, सतीशमोहन मिश्रा, सागर दांगी आदि शामिल हैं।