कुजू के रक्षित वन क्षेत्र से 40 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त, वन विभाग की छापेमारी से कोयला तस्करों में मचा हड़कंप

Spread the love

कुजू, रामगढ़, झारखंड: कुजू में कोयला तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रक्षित वन क्षेत्र से 40 मीट्रिक टन अवैध स्टीम कोयला जब्त किया। यह कोयला सीसीएल कुजू रेलवे साइडिंग से चोरी कर जंगल में छिपाकर भंडारित किया गया था।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात तस्करों द्वारा लगभग 120 मीट्रिक टन कोयला हाईवा ट्रकों के माध्यम से स्थानीय स्पंज आयरन फैक्ट्रियों तक पहुंचाया गया था, जबकि शेष कोयला वन क्षेत्र में छिपा दिया गया था। वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को छापेमारी कर यह कोयला जब्त किया।

कुजू रेंजर ने मौके पर स्पष्ट कहा कि वनभूमि पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वन क्षेत्र में भंडारित अवैध कोयला

सूत्रों के अनुसार, इस कोयला चोरी में सीसीएल साइडिंग में तैनात कुछ सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत की भी बात सामने आ रही है, जिनके सहयोग से यह अवैध कार्य लंबे समय से बेधड़क चल रहा था। वन विभाग की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

  • लगभग 40 मीट्रिक टन अवैध स्टीम कोयला

  • भंडारण स्थान: कुजू रेलवे साइडिंग के पीछे का रक्षित वन क्षेत्र

वन विभाग द्वारा जब्त कोयले को अपने कब्जे में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है।