रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में आफताब अंसारी की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच कमेटी मंगलवार को रामगढ़ पहुंची। समिति ने मामले से जुड़े सभी पक्षों से मुलाकात कर जानकारी एकत्र की और देर रात तक रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपने की तैयारी की।
कांग्रेस द्वारा गठित जांच समिति में शामिल थे :
राजेश कच्छप – उपनेता, कांग्रेस विधायक दल
प्रदीप तुल्सियान – प्रदेश उपाध्यक्ष सह रामगढ़ जिला प्रभारी
राजेश गुप्ता उर्फ छोटू – प्रदेश सचिव
टीम ने रामगढ़ पहुंचकर सर्किट हाउस में बुद्धिजीवियों से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद कमेटी आफताब अंसारी के घर पहुंची, जहां उन्होंने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। टीम ने रामगढ़ थाना जाकर एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद से अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी भी प्राप्त की।
जांच समिति ने यौन शोषण मामले की पीड़िता के घर जाकर भी बयान दर्ज किया और उसके दृष्टिकोण से भी घटना को समझने का प्रयास किया।
इस दौरान समिति के साथ रामगढ़ विधायक ममता देवी, प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता शांतनु मिश्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुन्ना पासवान, प्रदेश प्रवक्ता रियाजुल अंसारी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी, संजय साव सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
“एक भी दोषी नहीं बख्शे जाएंगे” – राजेश कच्छप
विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा,
“आफताब अंसारी मामले से जुड़े हर पक्ष से हमने सीधी बात की है। इस मामले की पूरी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को भेजी जा रही है, जिस पर विधायक दल की बैठक में विस्तार से चर्चा होगी। कांग्रेस पार्टी न्याय सुनिश्चित करेगी। एक भी दोषी नहीं बचेगा और कोई निर्दोष न फंसे, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा। हमारी सरकार में कानून का राज पूरी मजबूती से कायम है और रहेगा।”