रांची में 5वीं की छात्रा का अपहरण, रामगढ़ के कुजू में बरामद

Spread the love
रांची से अपहरण की गयी बच्ची आयशा जो कुजू से मिली

दिनदहाड़े वैन से अगवा, फायरिंग से मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

रांची, झारखंड  30 जुलाई 2025: राजधानी रांची में बुधवार सुबह डोरंडा ओवरब्रिज के पास एक स्कूली छात्रा जिसका नाम आयशा है का अपहरण कर लिया गया। सफेद वैन (नंबर JH01FU6874) में सवार तीन अपराधियों ने बच्ची को उस वक्त अगवा किया जब वह अपने चाचा के साथ स्कूल जा रही थी। अपहरण के दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 7 बजे हुई और कुछ घंटों बाद बच्ची को रामगढ़ जिला के कुजू इलाके में बरामद किया गया। बच्ची सुरक्षित है, पर मानसिक आघात की गंभीरता बनी हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

चाचा की आंखों के सामने उठा ले गए बच्ची

बच्ची के चाचा ने बताया कि तीनों अपराधी अचानक आए और हथियार लहराते हुए बच्ची को जबरन वैन में डालकर फरार हो गए। फायरिंग के चलते वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी भाग निकले। घटना के बाद डोरंडा और चुटिया इलाके में दहशत फैल गई और कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल से वापस बुला लिया।

वैन का नंबर पुलिस के रडार पर

अपहरण में प्रयुक्त वैन का नंबर JH01FU6874 सीसीटीवी फुटेज से मिला है। पूरे झारखंड में अलर्ट जारी कर दिया गया है। साइबर सेल, मोबाइल ट्रैकिंग यूनिट और सीसीटीवी विश्लेषण टीम को सक्रिय कर दिया गया है, जिससे दबाव में आकर अपराधियों ने बच्ची को कुजू में छोड़ दिया।

बच्ची ने सूझबूझ का परिचय दिया

कुजू में जब बच्ची को छोड़ा गया, तो उसने स्थानीय दुकानदारों से मदद लेकर पिता को फोन किया। बाद में परिजन उसे सुरक्षित घर ले गए। पुलिस ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन चुटिया थाना द्वारा अपहरण की पुष्टि की गई है। पूछताछ जारी है।

 सुरक्षा पर गंभीर सवाल

यह घटना उस वक्त घटी जब बच्ची स्कूल जा रही थी। इससे साफ है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की थी। ऐसे में स्कूल प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की जिम्मेदारी पर सवाल उठने लगे हैं। आमजन में भय व्याप्त है और कई लोगों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त कदमों की मांग की है।

 जनता की मांग – त्वरित गिरफ्तारी और सख्त कानून

घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बच्ची को समय पर नहीं छोड़ा जाता तो गंभीर परिणाम हो सकते थे। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस रणनीति की मांग की है। राजधानी रांची में दिनदहाड़े हुए इस अपहरण ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया है। यह समय है, जब पुलिस को त्वरित कार्रवाई कर यह साबित करना होगा कि अपराधी कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।