रामगढ़ : फोरलेन पर दूध टैंकर से पानी भरते पकड़ा गया मामला, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया सैंपल

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़–रांची फोरलेन पर स्थित रॉबिन होटल के समीप मंगलवार को एक दूध लदे टैंकर से बड़े-बड़े ड्रमों में पानी भरते देखे जाने पर हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। उनके साथ रामगढ़ थाना की पुलिस टीम भी जांच में शामिल हुई।

मौके पर दूध के बजाय ड्रमों में पानी भरा हुआ पाया गया, जिससे मिलावट की आशंका और गहराई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने निर्देश देते हुए टैंकर से दूध का सैंपल लिया, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, टैंकर में करीब 30,000 लीटर दूध मौजूद था, जो उड़ीसा से लोड होकर उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा था।

चालक और खलासी फरार

जांच के दौरान टैंकर का ड्राइवर और खलासी दोनों फरार हो चुके थे, जिससे संदेह और गहरा गया है कि यह किसी सुनियोजित मिलावट की साजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा विस्तृत जांच

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री ने बताया कि दूध के सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दूध में कितनी मिलावट की गई थी और क्या यह मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक था।