कुजू (रामगढ़), झारखंड : रांची से अगवा की गई एक नाबालिग छात्रा को रांची और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मात्र तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। बुधवार, 30 जुलाई की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच यह घटना तब हुई जब करबला चौक, रांची निवासी फल व्यवसायी आफताब आलम की बेटी बिशप वेस्टकॉट स्कूल जा रही थी। रास्ते में सिरमटोली फ्लाईओवर के पास नकाबपोश अपराधियों ने टोटो गाड़ी को टक्कर मारी और हथियार दिखाकर छात्रा को काले रंग की आई20 कार (JH01FU-6874) में जबरन बैठा लिया।
IG-SSP के निर्देश पर चली कार्रवाई, रामगढ़ पुलिस ने की घेराबंदी
अपहरण की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने IG मनोज कौशिक और SSP चंदन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में रामगढ़ एसपी अजय कुमार को सूचित किया। रामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए NH-33 पर सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर घेराबंदी शुरू कर दी।
मांडू के पास नाकाबंदी देख कुजू की ओर भागे अपराधी
अपराधियों की गाड़ी जब मांडू पहुंची, तो नाकाबंदी देख वे पीछे मुड़कर कुजू की ओर भागने लगे। मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने तत्परता दिखाते हुए अपराधियों का पीछा शुरू किया।
बैंक ऑफ बड़ौदा के पास छोड़ भागे अपहरणकर्ता
कुजू श्रीराम चौक के भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचते ही अपराधी पुलिस दबाव में आ गए और छात्रा को बैंक ऑफ बड़ौदा के पास छोड़कर फरार हो गए। मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बच्ची को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर ओपी पहुंचाया।
अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके में लगातार छापेमारी चल रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि अपहरणकर्ता छात्रा को पटना ले जाने की फिराक में थे। छात्रा के अनुसार, उसकी आंखों पर पट्टी बांधी गई थी और अपराधी आपस में पटना ले जाने की चर्चा कर रहे थे।
अपरहणकर्ता कार के साथ पकड़ाये
बच्ची आयशा के अपहरणकर्ता पकड़े गये हैं। साथ ही अपहरण में जो कार प्रयुक्त हुआ है उसे भी पकड़ लिया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं की जा रही है। लेकिन बताया जा रहा है कि गोला थाना क्षे़त्र के गोला सिकीदरी मार्ग पर सिकीदरी के निकट अपरहरणकर्ताओं को कार के साथ पकड़ कर रांची पुलिस अपने साथ रांची ले गयी है।
ऑपरेशन में शामिल अधिकारी
इस अभियान में रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, रामगढ़ एसपी अजय कुमार, हटिया डीएसपी पीके मिश्रा, रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, ओरमांझी थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, अवर निरीक्षक अख्तर अली, आशीष गौतम सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।